बीटी गंज मुख्य चौराहे पर खुले गड्ढे बने हादसों का कारण

बीटी गंज मुख्य चौराहे पर खुले गड्ढे बने हादसों का कारण, विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
रुड़की बीटी गंज स्थित जिला सहकारी बैंक के पास मुख्य चौराहे पर करीब एक सप्ताह पहले पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। जल संस्थान की ओर से लीकेज को रोकने के लिए सड़क पर भारी मात्रा में रेत डाली गई थी, जिसके बाद पानी का रिसाव कुछ कम हुआ।
बाद में विभाग ने मुख्य चौराहे की सड़क को खोदकर पाइपलाइन की मरम्मत तो कर दी, लेकिन सड़क की खुदाई के बाद बने गड्ढों को सही तरीके से बंद करना भूल गया। स्थिति यह है कि मरम्मत के बाद से सड़क पर गड्ढे और रेत अब भी पड़ी हुई है। विभाग की ओर से न तो गड्ढों को समतल किया गया और न ही सड़क पर पड़ी रेत को हटाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे पर बने इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार ई-रिक्शा भी गड्ढों की वजह से पलटने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, सड़क पर पड़ी रेत हवा चलने पर आसपास की दुकानों में पहुंच रही है, जिससे दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बीटी गंज का यह मुख्य चौराहा बेहद व्यस्त रहता है और यहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क पर खुले गड्ढे और बिखरी रेत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
लोगों का कहना है कि विभाग ने पाइपलाइन की मरम्मत तो कर दी, लेकिन सड़क को पहले की तरह सुरक्षित और समतल करना जरूरी नहीं समझा। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द गड्ढों को भरवाने और सड़क पर पड़ी रेत को हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को होने से रोका जा सके।




